जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गर्मी से पहले ही क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है। सोमवार को काशीरामपुर तल्ला के लोगों ने जल संस्थान कार्यालय में पहुंचकर प्रदर्शन किया। कहा कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को वार्डवासी बुद्धा पार्क के समीप जल संस्थान कार्यालय में पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन किया। पार्षद सूरज प्रसाद कांति ने कहा कि अभी तो गर्मी ठीक से शुरु भी नहीं हुई है और वार्डवासियों को पेयजल समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में पिछले चार दिनों से पानी नहीं आ रहा है। नतीजा, लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग लोगों को हो रही है। कहा कि क्षेत्र में दशकों पुरानी पेयजल लाइनों के कारण जगह-जगह से लीकेज हैं, जिस कारण घरों में पानी नहीं आ रहा है। कहा कि जब क्षेत्रवासियों को पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है तो ऐसे में पानी के बिलों को निरस्त कर देना चाहिए। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। इस मौके पर नीता नेगी, सरोजनी रावत, परमेश्वरी गुंसाई, नीलम कुकरेती, जगत सिंह बिष्ट, सुनीता रावत मौजूद रहे।