जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कौडिया वन रेंज के ग्राम साबूवाला में गुलदार की धमक बनी हुई है। बाइक से गुजर रहे तीन युवकों पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में दो युवक घायल हो गए। दोनों को बेस अस्पताल में उपचार दिया गया। गांव की आबादी से कुछ ही फासले पर गुलदारों के हमले बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलवाने की मांग की है।
कोटद्वार की सीमा से सटी बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद की कौड़िया वन रेंज के गांव साबूवाला निवासी दो युवक रतन (20) और अमित (18) रविवार सुबह घायल अवस्था में बेस अस्पताल पहुंचे। युवकों ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे वे हल्लोवाली में रह रहे अपने फूफा नैन सिंह के घर से बाइक लेकर अपने घर लौट रहे थे। रतन ने बताया कि बाइक उनके चाचा का पुत्र सुमित चला रहा था। साबूवाला की आबादी से थोड़ी ही दूरी पर घात लगाए बैठा गुलदार उन पर झपट पड़ा। सुमित ने बाइक की गति बढ़ा दी। जिससे वे गुलदार के हमले में बच निकले। गुलदार ने उनके पांवों को काफी नोंच लिया। गनीमत रही कि बाइक नहीं गिरी। इससे वे गुलदार का शिकार हो सकते थे। घायल युवकों ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार के हमले काफी बढ़ गए हैं। आपातकालीन वार्ड में मौजूद डॉ. कुसुमा रावत ने युवकों को प्राथमिक उपचार दिया। वहीं, कोटद्वार के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी गुलदार, भालू आदि वन्यजीवों के बढ़ते हमलों से ग्रामीण त्रस्त हैं। ग्रामीणों ने वन अधिकारियों से पिंजरे लगाकर वन्यजीवों को पकड़ने एवं आरक्षित वन क्षेत्रों में छोड़ने की मांग की।