उत्तरकाशी। सोमवार सुबह चिन्यालीसौड़ के नगुण भूस्खलन जोन के नीचे गंगोत्री हाईवे पर सेना का ट्रक खराब होने के कारण दोनों ओर लंबा जाम लग गया। इस दौरान सेना के जवानों ने ट्रक का टायर बदलकर वहां से उसे बाहर निकाला। उसके बाद करीब एक घंटे बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह उत्तरकाशी की ओर आ रहा सेना का एक ट्रक टायर पंचर होने के कारण नगुण भूस्खलन जोन के नीचे गंगोत्री हाईवे पर खड़ा हो गया। सड़क पर मलबा पड़ा होने के कारण सड़क संकरी हो गई है। इसलिए वहां से दूसरे वाहन आवाजाही नहीं कर पा रहे थे। इस कारण दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। हालांकि सेना के जवानों ने कार्रवाई करते हुए ट्रक का टायर बदलकर वहां से उसे बाहर निकालकर आवाजाही के लिए मार्ग खोला लेकिन इस दौरान सेना के जवान खतरे की जद में भी आ गए थे।
स्थानीय निवासी संजय नेगी ने बताया कि अगर बीआरओ की ओर से समय रहते वहां से मलबा हटा दिया जाता तो यह स्थित नहीं बनती। साथ ही वहां पर गिर रहे पत्थरों के बीच वाहनों की आवाजाही में खतरा बना हुआ है। इसलिए प्रशासन को वहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।