श्रीगंगानगर, भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रोन के जरिए भेजी गई 12 किलो हेरोइन की खेप बरामद की है. संयुक्त ऑपरेशन में सीआईडी, पुलिस और बीएसएफ की टीमों ने चार युवकों को मौके से गिरफ्तार किया, जो इस नशीले माल को उठाने पहुंचे थे.
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने समय रहते कार्रवाई कर इस बड़ी तस्करी को विफल किया है. चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में इनके तार अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना सामने आई है. हम यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं. इनका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है. जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को पहले से गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन के माध्यम से हेरोइन की खेप भारतीय क्षेत्र में गिराने वाले हैं. इसके बाद तुरंत बॉर्डर क्षेत्र में ब्लॉकेड लगाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. देर रात ड्रोन की आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर बाद पैकेट्स गिरते देखे गए. तलाशी लेने पर चार पैकेट्स में पैक कुल 12 किलो हेरोइन बरामद हुई.
कार्रवाई के दौरान मौके से चार युवकों को गिरफ्तार किया गया. इनमें एक युवक पंजाब का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दो गजसिंहपुर और एक रावला मंडी क्षेत्र का रहने वाला है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से भेजी गई थी और इसे आगे पंजाब में सप्लाई किया जाना था. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 करोड़ रुपए आंकी गई है. पुलिस के अनुसार, यह मामला अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है, जो ड्रोन के जरिए लगातार नशे की तस्करी की कोशिश कर रहा है.