जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड बीरोंखाल की ग्राम सभा मासी के खेतू गांव में लगातार हो रही बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई है। गांव में जगह-जगह मलबा और भूस्खलन होने से कई आवासीय भवन खतरे की चपेट में आ गए हैं। वहीं, गांव को जोड़ने वाले पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार जारी बारिश अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। खेतू गांव में कई स्थानों पर जमीन खिसकने के साथ ही भूमि में दरारें पड़ गई हैं। इससे आसपास बने मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्राम प्रधान कीर्ति निधि पाल सिंह ने बताया कि भूस्खलन के कारण सुरेंद्र सिंह रावत के आवासीय भवन के ठीक नीचे की जमीन खिसक गई है। इससे मकान के लिए खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि खतरे की जद में आए भवनों और वहां रह रहे परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए शासन-प्रशासन को तत्काल मौके पर टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेना चाहिए। ग्रामीण संजय सिंह रावत ने बताया कि गांव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। पत्र के माध्यम से प्रशासन से खेतू गांव का स्थलीय निरीक्षण कराने और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से गांव में राहत एवं बचाव अभियान चलाने, क्षतिग्रस्त रास्तों को दुरुस्त करने और खतरे की जद में आए भवनों की सुरक्षा के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।