निकाय चुनाव के लिए 23 जनवरी को होना है मतदान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : निकाय चुनाव में मतदान की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही प्रचार-प्रसार भी तेज हो गया है। शहर में चारों ओर प्रचार-प्रसार का हल्ला सुनाई दे रहा है। गली-मोहल्लों में प्रत्याशी सभाएं कर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। किस प्रत्याशी के वादे मतदाताओं को अधिक लुभाते हैं यह 23 जनवरी की तिथि ही निर्धारित करेगी।
नामांकन के बाद शांत पड़ा निकाय चुनाव 15 जनवरी से तेज होने लगा है। निगम चुनाव में किस्मत आजमा रहे महापौर व पार्षद के प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ दिन पूर्व तक जहां प्रत्याशी चंद वार्डों का ही भ्रमण करते थे, अब वह अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। यही नहीं, अधिकांश वार्डों में वाहनों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शहर में घूम रहे वाहनों में लगे लाउड स्पीकर प्रत्याशियों के वादों को गिनवा रहे हैं। वहीं, प्रचार के मामले में वार्ड प्रत्याशी भी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। विकास के दावों के साथ ही वाहन व इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार को धार दिया जा रहा है। प्रत्याशियों के समर्थक शार्ट वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित कर मतदाताओं को रिझा रहे हैं। बहरहाल, हर कोई प्रत्याशी अपनी जीत का दंभ भर रहा है। प्रत्याशियों के समर्थक भी पूरी मेहनत में जुटे हुए हैं। वार्डों में महिलाओं व युवाओं को लुभाने का सबसे अधिक प्रयास किया जा रहा है।
घर-घर चुनाव चिन्ह पहुंचाना चुनौती
निकाय चुनाव में जहां राष्ट्रीय पार्टियां वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों के समक्ष अपना चुनाव चिन्ह घर-घर पहुंचाना एक चुनौती बन रही है। इसके लिए जगह-जगह घरों के बाहर चुनाव चिन्हे के पर्चे चस्पे किए जा रहे हैं।