हरिद्वार()। लोक निर्माण विभाग के मिनिस्ट्रीयल कर्मी परस्पर स्थानांतरण और पदोन्नति की मांग पूरी करने पर अड़े हुए हैं। गुरुवार को भी लोनिवि कार्यालय परिसर में उनका धरना प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार जारी रहा। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर शुक्रवार को प्रमुख अभियंता और अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। गुरुवार को लोनिवि के मिनिस्ट्रीयल कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। तबादले और प्रमोशन को लेकर लोनिवि कर्मियों का कार्य बहिष्कार चल रहा है। प्रदर्शन के दौरान उत्तरांचल लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन की अनुशासन समिति के प्रांतीय सलाहकार केशवानंद जोशी ने बताया कि स्थानांतरण अधिनियम और शासनादेश के मुताबिक मुख्य अभियंता और विभागाध्यक्ष को मिनिस्ट्रीयल कर्मियों के परस्पर स्थानांतरण का अधिकार है। स्थानांतरण अधिनियम एवं शासनादेश में स्पष्ट होने के बावजूद कर्मियों को पारस्परिक स्थानांतरण का लाभ नहीं दिया जा रहा है। बताया कि स्थानांतरण और पदोन्नति की मांग पूरा होने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। कहा कि मांग को लेकर शुक्रवार को प्रमुख अभियंता और अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप किशोर, प्रशासनिक अधिकारी सन्नी कुमार, शांतिलाल रघुवन, प्रधान सहायक नवीन आर्य, बबीता, मुकेश थपलियाल, विनय कुमार, सौरभ सैनी, अनु कुमार, कनिष्ठ सहायक श्रवण कुमार, पुष्कर सिंह बुटोला, कमलेश मिश्रा और रमेश सकलानी आदि शामिल रहे।