नईदिल्ली,भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंध (2025-26) की घोषणा की, जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा को ग्रेड- बी में रखा गया है। बीसीसीआई ने इस बार पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अनुबंध में बदलाव किए हैं। इस बार दोनों वर्ग से ए+ श्रेणी को हटा दिया गया है। पुरुष टीम में सिर्फ 3 खिलाड़ियों को ग्रेड-ए में रखा गया है। आइए सूची पर नजर डालते हैं।
इस बार बीसीसीआई ने कुल 30 सीनियर पुरुष क्रिकेटरों को केंद्रीय अनुबंध दिया गया है। बीसीसीआई द्वारा जारी सूची में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को ही ग्रेड-ए में रखा गया है। बता दें कि गिल वनडे और टेस्ट प्रारूप में भारत के कप्तान हैं, जबकि बुमराह तीनों प्रारूप में खेलने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। वहीं, जडेजा टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं और वनडे और टेस्ट टीम के अभिन्न अंग हैं।
बीसीसीआई ने इस बार ग्रेड- बी में 11 खिलाड़ियों को रखा है। कोहली और रोहित के अलावा इस ग्रेड में हार्दिक पांड्या, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और कुलदीप यादव शामिल हैं। बता दें कि पंत, सिराज, पांड्या और राहुल पिछले अनुबंध में ग्रेड-ए का हिस्सा थे। ऐसे में इन प्रमुख खिलाड़ियों के अनुबंध में भी बदलाव देखने को मिले हैं।
बीसीसीआई ने ग्रेड-सी में सर्वाधिक 16 खिलाड़ियों को रखा है। इस ग्रेड में अक्षर पटेल, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप सिंह, ध्रुव जुरेल, वरुण चक्रवर्ती, नितीश रेड्डडी, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा को शामिल किया गया है। दूसरी तरफ मोहम्मद शमी, रजत पाटीदार, सफरफराज खान, और मुकेश कुमार को इस बार अनुबंध नहीं मिले हैं।
ग्रेड-ए: हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिगेज, और दीप्ति शर्मा। ग्रेड- बी: रेणुका ठाकुर, शैफाली वर्मा, ऋचा घोष, और स्नेह राणा। ग्रेड-सी: राधा यादव, अमनजोत कौर, प्रतिका रावल, क्रांति गौड़, उमा छेत्री, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, हरलीन देयोल, काशवी गौतम, जी कमलिनी, वैष्णवी शर्मा और तेजल हसब्निस।