लव यू जिंदगी… पर झूम उठे दर्शक

Spread the love

नई टिहरी। टिहरी झील महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गायक व संगीतकार अमित त्रिवेदी और उनके साथी कलाकारों ने समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शक देर रात तक पंडाल में झूमते रहे। वहीं सुरगंगा संगीत विद्यालय की ओर से टिहरी पर आधारित नाटक और गंगावतरण के भव्य मंचन ने भी दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कोटीकॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में जैसे ही अमित त्रिवेदी मंच पर पहुंचे, दर्शकों ने सीटियां और तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। अमित ने ‘जय हो जय हो शंकरा’ और ‘जयकाल महाकाल’ से प्रस्तुति की शुरुआत की। इससे भक्तिमय माहौल बन गया। इसके बाद उन्होंने ‘लव यू जिंदगी’ गीत सुनाकर युवाओं और अधिकारियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अपने कई लोकप्रिय गीतों और मिश्रित फिल्मी गीतों की भी प्रस्तुति दी। गायिका मेघना मिश्रा ने ‘हवा के झोंके आज मौसम से संवार दो’, देवेंद्र पाल सिंह ने ‘एक कुड़ी बेगाना मोहब्बत’, अरुण कांवत ने ‘ये फितूर तेरा’, जबकि जाह्नवी जैन ने ‘ओ रे मन’ और ‘गूंजा सा है कोई एक तारा’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इससे पहले झील में गंगावतरण का प्रभावशाली नाट्य मंचन, भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। ‘मेरी प्यारी टिहरी जल में बसी याद’ विषय पर आधारित डॉ. विकास फोंदणी के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक ने दर्शकों को भावुक कर दिया। नाटक में पुरानी टिहरी के बसने से लेकर उसके उजड़ने तक की मार्मिक कहानी दिखाई गई। नाटक में जशोदा नेगी, गोविंद बिष्ट, देवेंद्र नौडियाल, महिपाल नेगी, त्रिहरि नेगी, अरविंद कोहली ने प्रभावशाली अभिनय किया। इस मौके पर विधायक किशोर उपाध्याय, डीएम नितिका खंडेलवाल, सीडीओ वरूणा अग्रवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, कुलदीप पंवार, विजयपाल सिंह रावत, परमवीर पंवार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *