रुद्रप्रयाग : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा के दोनों विधायकों ने अपने-अपने गांव के नजदीक बने पोलिंग बूथों में वोट डाले। उन्होंने वोट देने के बाद सभी लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बड़ी संख्या में वोट डालने आने की अपील भी की। इसके बाद विधायकों ने अनेक क्षेत्रों में चुनाव की स्थिति को लेकर निरीक्षण किया। रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी सुबह ही अपने गांव के समीप घोलतीर पोलिंग बूथ पर पहुंचे, किंतु यहां मतदाताओं की भीड़ को देखते हुए उन्होंने कुछ देर बाद वोट देने का मन बनाया। इसके बाद वे आस-पास के पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे। करीब 12 बजे विधायक चौधरी ने अपने पोलिंग बूथ पर वोट डाला। वहीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ऊखीमठ से सारी पोलिंग बूथ पर वोट देने सुबह पहुंच गई। ऊखीमठ से चलकर सारी पहुंचकर उन्होंने 10 बजे अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद वे ब्लॉक के अनेक पोलिंग बूथों पर निरीक्षण को पहुंची। दोनों विधायकों ने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद गांव और क्षेत्र में सभी लोगों से अपने मतदाधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया ताकि ग्रामीण विकास के लिए एक बेहतर प्रतिनिधि का चयन हो सके। (एजेंसी)