संतोपथ के बाद अब मणिरंग चोटी पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

Spread the love

उत्तरकाशी। सतोपंथ चोटी के सफल आरोहण करने के बाद पर्वतारोहियों का छह सदस्यीय दल अब हिमाचल प्रदेश की 6593 मीटर ऊंची माउंट मणिरंग चोटी के आरोहण के लिए रवाना हो गया है। सतोपंथ की कठिन चढ़ाई और भारी हिमपात जैसी चुनौतियों को पार कर चुके दल के सामने अब मणिरंग की दुर्गम चोटियों, ग्लेशियरों और तकनीकी बर्फीले रास्तों को पार कर शिखर तक पहुंचने की चुनौती है।
अभियान का नेतृत्व अनुभवी पर्वतारोही मुनेन्द्र सिंह कर रहे हैं। उनके साथ नवप्रभात पंवार, अनुराग त्रिपाठी, रतन नेगी, पवन सिंह और रश्मि सताम दल में शामिल हैं। स्पीति और किन्नौर क्षेत्र की सीमा पर स्थित मणिरंग हिमाचल की प्रमुख ऊंची चोटियों में शामिल है। अत्यधिक ठंड, ऊंचाई, बदलता मौसम और कठिन पर्वतीय भूभाग अभियान की राह में बड़ी चुनौती बनेंगे। इससे पहले मुनेन्द्र सिंह के नेतृत्व में दल ने गंगोत्री क्षेत्र स्थित माउंट सतोपंथ का सफल आरोहण किया था। अभियान के दौरान भारी हिमपात और खराब मौसम के बावजूद टीम ने शिखर तक पहुंचकर अभियान पूरा किया। अब दल का लक्ष्य मणिरंग के शिखर पर तिरंगा फहराना है। टीम लीडर मुनेन्द्र ने कहा कि हर पर्वतारोहण अभियान नई चुनौती और अनुभव लेकर आता है। टीम पूरी तैयारी, आपसी समन्वय और सुरक्षित पर्वतारोहण के साथ शिखर तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के जरिए हिमालय के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का भी लक्ष्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *