नैनीताल()। भीमताल ब्लॉक के पिनरो स्थित छोटा कैलाश में रविवार को महाशिवरात्रि के मौके पर डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। सुबह मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव की आरती की गई। भक्तों ने मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया। छोटा कैलाश में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि मेला बीते शनिवार से शुरू हुआ था। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। सुबह मेले के उद्घाटन के बाद से ही मंदिर में भजन-कीर्तन शुरू हो गए थे। रातभर श्रद्धालुओं ने शिव भजन गाकर जागरण किया। मध्यरात्रि एक बजे से श्रद्धालु छोटा कैलाश मंदिर पहुंचने लगे। सभी ने एक-एक कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा अर्चना की। मंदिर समिति अध्यक्ष उमेश पलड़िया ने बताया कि रविवार को देर शाम तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए उन्हें एक-एक कर दर्शन करने भेजा।