03 फरवरी से जनपद में शुरू होगा अभियान, संवेदनशील आबादी में लगेंगे निक्षय शिविर
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : क्षय रोग के खात्मे के लिए स्वास्थ्य विभाग विभाग के तत्वावधान में 100 दिवसीय नि-क्षय शिविर अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के तहत फरवरी व मार्च के लिए कैंप का रोस्टर जारी कर दिया है।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. चौधरी ने बताया कि 100 दिवसीय नि-क्षय शिविर अभियान के तहत टीबी रोग को लेकर संवदेनशील आबादी (पूर्व टीबी से पीड़ित मरीजों, टीबी रोगियों के घरेलू संपर्कजनों, 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों, कुपोषित, धूम्रपान करने वाले व्यक्ति मधुमेह से पीड़ित व्यक्तियों तथा टीबी को लेकर उच्च जोखिम वाले चिन्हित गांवों में 14 वर्ष से अधिक समस्त आबादी) में नि-क्षय शिविर आयोजित कर रोगियों को खोजने के प्रयास तेज करने सहित टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं की पहुंच में और अधिक सुधार किया जाएगा। टीबी केसों की खोज के तहत स्क्रीनिंग, एक्सरे एवं बलगम जांच की जाएगी, साथ-साथ शीघ्र निदान, शीघ्र उपचार आरंभ करने व रोगियों को पोषण संबंधित सहायता में शामिल करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है, जिसके तहत जिला, ब्लाक व स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, एनटीईपी कार्मिकों सहित स्वास्थ्य कर्मियों को संवेदीकृत करने के साथ-साथ पहले 60 दिन का रोस्टर तैयार कर दिया गया है। जिसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर भीरी के अंतर्गत 03 से 05 फरवरी तक बरम्वाड़ी में 06 फरवरी को टेमरिया पल्ला में, 07 व 09 फरवरी को ओरिंग में अगस्त्यमुनि क्षेत्र के अंतर्गत भैंसाल में 10 से 12 फरवरी को, चमेली में 13 व 14 फरवरी को, श्रीकोट में 16 फरवरी को, चैंड में 17 फरवरी को, डोभा में 18 व 19 फरवरी को, रूमसी में 21, 21 व 23 फरवरी को, अमोठा में 24 व 25 फरवरी को, ग्वाड़ लगा पुनाड़ में 26 व 27 को, पोखरसारी में 26 व 27 फरवरी को, पुनाड़ में 28 फरवरी से 03 मार्च तक, झिरमोली में 4 व 5 मार्च को, लोली में 4 व 5 मार्च को, पाबो में 6 व 7 मार्च को, रैंतोली में 9 मार्च को तूना में 10 से 12 मार्च को, खतेना में 13 व 14 मार्च को, दरम्वाड़ी में 16 व 17 मार्च को, धुएली में 18 मार्च को, नारी में 19 से 21 मार्च को, खांखरा क्षेत्र के अंतर्गत डेजीमांडा में 23 मार्च को, फतेहपुर में 24 मार्च को, खांखरा में 25 मार्च को, नरकोटा में 26 मार्च को, रामपुर में 28 मार्च को निक्षय शिविर लगाए जाएंगे।