श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड कीर्तिनगर के चौरास क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों के लिए जल्द ही पेयजल योजना की सौगात मिलने वाली है। 37 करोड़ 16 लाख 58 हजार रुपये की लागत से बनी मढ़ी चौरास-जाखणी ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना की गुरुवार को टेस्टिंग की गई, जो कि सफलता पूर्वक रही, हालांकि अभी पेयजल योजना का फिल्टर प्लांट का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है। पेयजल योजना के बनने के बाद जाखणी, मढ़ी, मैढ़ो, रानीहाट, नैथाणा, थापली, सुपाणा समेत 16 गांवों की आबादी लाभान्वित होगी। बीते कई दशकों से चौरास क्षेत्र की जनता पानी की बूंद-बूंद को लेकर तरस रही थी, लेकिन अब जल्द ही पेयजल योजना की सौगात मिलने से पानी की किल्लत नहीं होगी। पेयजल योजना के सफल ट्रायल होने पर चौरास क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक विनोद कंडारी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त भी किया। बताते चलें कि मढ़ी चौरास-जाखणी ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के नाम से बनने वाली इस योजना का निर्माण जल जीवन मिशन और राज्य सेक्टर मद से किया गया है। (एजेंसी)