अनलाइन बिजनेस के नाम पर 11 लाख की धोखाधड़ी

Spread the love

काशीपुर। एक युवती ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर एक कंपनी का मालिक बताते हुए अनलाइन बिजनेस के नाम पर फर्जी एग्रीमेंट कर 11 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुंडेश्वरी निवासी रत्नांगी पुत्री सतेंद्र चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि सहपाठी होने के चलते उसकी कुमाऊं कालोनी, कचनलगाजी निवासी भारत उपाध्याय से जान पहचान थी। मार्च 2022 में भारत उपाध्याय ने उससे कहा कि वह और उसके पिता अनलाइन व्यापार करते हैं। तुम भी इसमें पैसा लगाओगी तो बहुत मुनाफा होगा। उसके पिता ने भी एक साल के अंदर रकम दोगुनी हो जाने और हर हफ्ते भारी मुनाफा और गिफ्ट भी मिलने का भरोसा दिलाया। 24 अप्रैल 2022 को उन्होंने खुद को क्यूनेट कंपनी का मालिक बताकर एक एग्रीमेंट साइन किया। भारत ने अपने और दिल्ली निवासी देवेंद्र खंडेलवाल के खाते में 11 लाख रुपये जमा करा लिए। यह रकम उसने गूगल पे और अन्य माध्यम से जमा करवाई। ट्रेनिंग के लिए आरोपी उसे दिल्ली और भोपाल भी ले गए। कहा कि आरोपियों ने आज तक उसे कोई मुनाफा नहीं दिया। काफी खोजबीन करने पर पता चला कि आरोपी कंपनी के मालिक नहीं है। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *