बिग ब्रेकिंग

प्रदेश में 15 जून से पूर्व स्थापित होगी 113 बाढ़ चौकियां : महाराज

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

सिंचाई मंत्री ने मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर की बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
हरिद्वार : जनपद के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व चन्द्राचार्य चौक के आसपास जल भराव से स्थानीय व्यापारियों को होने वाली परेशानी से निपटने के लिए तत्काल कार्य योजना बनाकर नालों की सफाई की जाये। सिंचाई मंत्री ने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए राज्य के 13 जनपदों में कुल 113 बाढ़ चौकियां 15 जून से पूर्व स्थापित कर ली जाएंगी। कहा कि बाढ़ चौकियों के माध्यम से ग्रामीणों को चेतावनी पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है। इसके अतिरिक्त सम्बन्धित कर्मचारियों के पास ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर से आपदा की स्थिति में तत्काल सूचना की व्यवस्था की गई है।
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को सीटी कंट्रोल सेंटर (सीसीआर) बिल्डिंग में अधिकारियों के साथ मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर बैठक करते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मानसून अवधि में वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत प्रत्येक जनपद के नोडल खण्ड में 15 जून 2024 तक बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर जाये। उन्होंने बताया कि राज्य में सिंचाई खण्ड, देहरादून परिसर में केन्द्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्सर में हडवा नाला और कनखल के लाटोवाली में जल भराव से लोगों के घरों में पानी घुसने से बड़ा नुक्सान होता है। इसलिए समय से इनकी सफाई करना सुनिश्चित किया जाए। सिंचाई मंत्री सतपाल ने कहा कि सिंचाई विभाग के नियंत्रणाधीन जलाशयों के बंधो पर लगातार निगरानी की जाएगी। मानसून में बाढ़ तथा जल भराव की दृष्टि से प्रदेश के 13 जनपदों में 228 संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण किया गया है। विभाग द्वारा मैदानी जनपदों हेतु विभिन्न शहरों के लिये मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार किया जा रहा हैं, जिसके निर्माण के पश्चात् जल भराव की समस्या का समाधान होगा। बैठक में सिंचाई सचिव राजेश कुमार, जिलाधिकारी धीरज गबर्याल, एमएनए वरुण चौधरी, सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता जयपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, जिला महामंत्री आशुतोष शर्मा, जयपाल सिंह चौहान, आशु चौधरी सहित अनेक विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

पर्यटन मंत्री ने ट्रांजिट कैंप का किया निरीक्षण
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने ऋषिकुल मैदान में स्थित चारधाम यात्रियों के लिए रजिस्ट्रेशन ट्रांजिट कैंप का भी औचक निरिक्षण किया। उन्होंने पर्यटन सचिव को निर्देश दिए कि यात्रियों की लाइन को कम करने के लिए एक परिवार के सभी सदस्यों का पंजीकरण लाइन में खड़ा होना व्यवहारिक नहीं है इसलिए परिवार का कोई भी एक सदस्य लाइन में लग कर सभी सदस्यों का पंजीकरण करवा सके इस तरह की व्यवस्था की जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!