12 अप्रैल तक विवि कार्यालय और पर्यटन विभाग बंद

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल।
गढ़वाल केंद्रीय विवि के चौरास परिसर स्थित पर्यटन विभाग की एक महिला सफाई कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिली है। महिला विश्वविद्यालय प्रशासनिक कार्यालय भवन परिसर में पीछे की ओर बने विवि आवासीय कॉलोनी में रहती है। घटनाक्रम को देखते हुए स्वास्थ्य और सुरक्षा की दृष्टि से कुलपति ने विश्वविद्यालय प्रशासनिक कार्यालय भवन, कुलपति सचिवालय और विवि पर्यटन विभाग आगामी 12 अप्रैल की मध्यरात्रि तक बंद कर देने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही पर्यटन विभाग परिसर को सैनिटाइज भी कराया गया।
विवि प्रशासनिक भवन कार्यालय के पीछे की ओर की आवासीय कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। सफाई कर्मचारियों के आवासों के साथ ही अन्य आवासों में रहने वाले सभी कर्मचारियों और परिवारों को 14 दिन के होम आइसोलेशन में रखा गया है। साथ ही सभी प्रयोगशालाओं को भी तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि कोविड-19 के इस दौर में विश्वविद्यालय में पहले से ही ऑनलाइन शिक्षण कार्य हो रहा है। उन्होंने गढ़वाल विवि के श्रीनगर, पौड़ी, टिहरी परिसर निदेशकों के साथ ही सभी संकाय अध्यक्षों, विभागाध्यक्षों और विवि अधिकारियों से भी गाइडलाइनों का अनुपालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं। गढ़वाल विवि पर्यटन विभाग के अध्यक्ष प्रो. एसके गुप्ता ने कहा कि विभाग को सैनिटाइज कर दिया गया है। महिला सफाई कर्मी अपने आवास पर ही थीं। उनके पति ने दूरभाष पर उसके पॉजिटिव होने की सूचना दी थी।

दो मिले संक्रमित
श्रीनगर।
वर्तमान में बेस अस्पताल के कोरोना वार्ड में 10 कोरोना पॉजिटिव भर्ती हैं। इनमें दो का इलाज ऑक्सीजन की सहायता से वार्ड में ही किया जा रहा है। शनिवार को बेस में 15 रैपिड टेस्ट किए गए, जिनमें दो पॉजिटिव निकले। इनमें बेस अस्पताल का एक लैब टेक्नीशियन और रेल विकास निगम लिमिटेड से संबंधित एक कर्मी भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *