लैंसडौन में 12 दिवसीय स्पोट्र्स कैंप शुरू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : खेल प्रतिभाओं को निखारने एवं विद्यार्थियों में खेल कौशल विकसित करने के उद्देश्य से गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर लैंसडौन के तत्वाधान में आर्मी पब्लिक स्कूल एवं क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित 12 दिवसीय खेल प्रशिक्षण शिविर बुधवार को डायस स्टेडियम में विधिवत शुरू हो गया है। शिविर के दौरान क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं फुटबॉल जैसी खेल विधाओं में प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया जायेगा।
शिविर का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने किया। यह नि:शुल्क प्रशिक्षण शिविर 18 से 29 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में लैंसडाउन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 6 से 11 तक के लगभग 100 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रात: 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए अनुशासन, समर्पण और टीम भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने विद्यालय के चेयरमैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी प्रतिभागी इस प्रशिक्षण का लाभ उठाते हुए अपने खेल कौशल को निखारेंगे तथा भविष्य में अपने विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे। इस मौके पर कर्नल कुलदीप सिरोही (सेना मेडल), मेजर अमरकांत, मेजर फ्रांसिस, विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *