एक्सप्रेसवे पर रील बनाते समय हादसा, 12वीं के छात्र की मौत; ईद से पहले मोइन के घर पर मातम

Spread the love

नूंह । दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दो दोस्त एक्सप्रेसवे पर रील बनाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त दूर जा गिरा और बाल-बाल बच गया। मृतक की पहचान मोइन (19) पुत्र याकूब के रूप में हुई है, जो बारहवीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। वह हरियाणा के नूंह क्षेत्र के गांव महूं चौपड़ा का रहने वाला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोइन अपने एक दोस्त के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घूमने गया था। दोनों ने एक्सप्रेसवे के 59 नंबर चैनल के पास अपनी बाइक नीचे खड़ी कर दी और ऊपर सड़क पर जाकर मोबाइल से रील बनाने लगे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी वहां से गुजरी और दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोइन मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसका दोस्त टक्कर लगने से दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा जिला अस्पताल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि ईद से पहले हादसे की खबर मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। एक होनहार छात्र की अचानक मौत से गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *