जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में कल से अग्निवीर सेना भर्ती प्रारंभ होगी। सेना भर्ती रैली में सात जनपदों के 13549 युवा प्रतिभाग करेंगे। भर्ती रैली के प्रथम दो दिनों में चमोली जिले के युवा अपनी दम दिखाएंगे।
बुधवार से होने वाली भर्ती रैली को लेकर प्रशासन ने तैयारियों पूरी कर ली हैं। रैली में पंद्रह व सोलह जनवरी को चमोली जिले के युवा अपना दम दिखाएंगे। पंद्रह जनवरी को चमोली जिले के आदिबद्री, चमोली, देवाल, गैरसैण व घाट के 1148 युवा और 16 जनवरी को जोशीमठ, कर्णप्रयाग, नंदप्रयाग, नारायणबगड़, पोखरी व थराली के 1146 युवा प्रतिभाग करेंगे। 17 जनवरी को उत्तरकाशी जिले की बड़कोट, भटवाड़ी, चिन्यालीसौड़, धौंतरी, डुंडा, जोशियाणा, पुरोला, राजगढ़ी तहसील के 1179 युवा प्रतिभाग करेंगे। 18 जनवरी को चमोली की जिलासू तहसील के 62, उत्तरकाशी की मोरी तहसील के 81 और रूद्रप्रयाग की रूद्रप्रयाग तहसील के 519 व ऊखीमठ तहसील के 506 युवा प्रतिभाग करेंगे। 19 जनवरी को रूद्रप्रयाग जिले की बसुकेदार व जखोली तहसील के 530 और टिहरी की बालगंगा, देवप्रयाग, धनोल्टी, गाजा, घनसाली तहसीलों के 629 युवा रैली में प्रतिभाग करेंगे। 20 जनवरी को टिहरी की कीर्तिनगर, पावकी देवी, मदन नेगी, जाखणीधार, कंडीसेरा, नैनबाग, नरेंद्र नगर, प्रतापनगर, टिहरी तहसीलों के 1029 युवाओं के साथ ही पौड़ी जिले की यमकेश्वर तहसील के 171 युवा दम दिखाएंगे। 21 जनवरी को पौड़ी गढ़वाल की बीरोंखाल, चाकीसैण, चौबट्टाखाल, धुमाकोट व रिखणीखाल तहसीलों के 1132, 22 जनवरी को कोटद्वार, लैंसडौन व सतपुली के 1201 और 23 जनवरी को पौड़ी, थलीसैण, जाखणीखाल व श्रीनगर तहसीलों के 1189 युवा रैली में प्रतिभाग करेंगे। 24 जनवरी को देहरादून की चकराता, देहरादून, कालसी व ऋषिकेश तहसील के 955, 25 जनवरी को देहरादून की विकासनगर, डोईवाला व त्यूनी तहसीलों के 416 युवाओं के साथ ही हरिद्वार जिले की भगवानपुर, हरिद्वार, लक्सर व रूड़की तहसीलों के 521 युवा रैली में भाग लेंगे। 27 जनवरी को चमोली जिले के 163, उत्तरकाशी के 54, रुद्रप्रयाग के 125, टिहरी के 124, पौड़ी के 360, देहरादून के 190 और हरिद्वार के 119 युवा रैली में प्रतिभाग करेंगे। उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने बताया कि रैली की तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। बताया कि विभिन्न संस्थाओं की ओर से भर्ती रैली में आने वाले युवाओं के लिए भोजन व रूकने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से भी तमाम व्यापारियों को तय दर से अधिक कीमत पर सामान न बेचने के निर्देश दिए गए हैं।