जनता दरबार में सुनीं 14 समस्याएं

Spread the love

बागेश्वर। जिलाधिकारी के दरबार में नहीं होने का असर भी दरबार में दिखा। इस बार जनता दरबार में पहले की अपेक्षा कम शिकायतें दर्ज हुई। 14 ग्रामीण विभिन्न समस्याओं को लेकर आए, जबकि पिछले तीन सोमवारों में 25 से 32 लोग पहुंचे। अपर जिलाधिकारी ने समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार पर अपर जिलाधिकारी इंद्र सिंह इमलाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित हुआ। उन्होंने कहा जन समस्याओं का त्वरित निराकरण अधिकारियों की जिम्मेदारी है। आम जनता को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़े। पुरड़ा, गागरीगोल निवासी सुंदर राम ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना की दिक्कतें बताई। मोहन सिंह ने लंबित बिलों का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। ग्राम प्रधान मझेड़ा मुन्नी देवी ने प्रधानाध्यापक का अन्यत्र स्थानांतरण कराने की मांग की। शीशाखानी निवासी खीम सिंह ने आवाास मांगा। कांडे निवासी नंदन सिंह कनवाल ने दफौट मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त दीवार से आवासीय घरों को खतरा बताया। कांडा से आई सविता नगरकोटी ने भंडारी ग्वल देवता मंदिर तक डामरीकरण कराने की मांग की। ग्राम प्रधान जोशीपालड़ी ने टूटे परिवारों को जल जीवन मिशन के तहत आच्छादित करने, क्षेत्र में प्रस्तावित सडक बनाने, जीर्ण-शीर्ण विद्युत पोल बदलने की मांग की। रेखा देवी के राशन कार्ड में पुत्र का नाम अंकित कराने की मांग पर अपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल नाम दर्ज कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, मुख्य चिकित्साधिकारी ड़ डीपी जोशी, जिला उद्यान अधिकारी आरके सिंह, महाप्रबंधक उद्योग जीपी दुर्गापाल समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *