विकासनगर। गुरुवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते चकराता, साहिया और कालसी क्षेत्र के एक राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्य मार्ग, एक जिला मार्ग समेत कुल 14 मार्ग यातायात के लिए बाधित रहे। मार्गों के बंद हो जाने से बड़ी आबादी को आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ा। जनजातीय क्षेत्र जोनसार बावर में गुरुवार रात हुई भारी वर्षा के कारण क्षेत्र के चौदह मोटर मार्गों पर यातायात ठप हो गया। यातायात ठप होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी गांवों में कैद होकर रह गई। कई लोग अपने आवश्यक कार्यों के लिए ब्लॉक व तहसील मुख्यालय नहीं पहुंच पाए। बंद मार्ग पर एंबुलेंस के फंसने से मरीज भी समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाया। ग्रामीण क्षेत्रों से विकासनगर, देहरादून व अन्य मंडियों में जाने वाली फसलें भी समय से मंडी तक नहीं पहुंच पाई। इन मार्गों के बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को सभी समस्याओं का सामना करना पड़ा।