विकासनगर। एआरटीओ विकासनगर की ओर से शुक्रवार को हरिपुर-मीनस-अटाल रोड़ पर सैंज-क्वानू तक अभियान चलाया। इस दौरान 15 ओवरलोड माल और यात्री वाहनों का चालान किए गए। अभियान के दौरान लोगों को बारिश के मौसम में ओवरलोड होकर वाहन न चलाने की अपील भी की गई। एआरटीओ अनिल सिंह नेगी ने बताया कि बरसात के मौसम में जगह-जगह सड़कें टूटी हुई हैं। जिस कारण वाहन दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए शुक्रवार को हरिपुर- मीनस-अटाल रोड पर सैंज क्वानू तक चेकिंग की गई। इस दौरान ओवरलोड माल और यात्री वाहनों के चालान किए गए। साथ ही यात्रियों एवं ग्रामीणों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए सड़क पर ही जानकारी दी गई। एआरटीओ ने बताया कि बरसात के मौसम में मीनस अटाल रोड जगह-जगह खराब हो जाती है। जबकि वाहनों का आवागमन चलता रहता है। क्षमता से अधिक माल या यात्री होने, ओवर स्पीडिंग और लापरवाही के साथ वाहन चलाने पर अक्सर दुर्घटनाएं घटित हो जाती हैं। इसलिये वाहन चालकों के साथ ही यात्रियों और सड़क के नजदीक ढाबा संचालकों को भी जागरूक करने का प्रयास किया गया। बताया कि इस दौरान हरिपुर चौराहे से सैंज क्वानू मार्ग पर पंद्रह वाहनों के चालान भी किए। विगत दो दिन पूर्व सैंज के निकट हुए एक अज्ञात वाहन की दुर्घटना स्थल का सर्वे भी किया गया। इस दौरान सहायक परिवहन निरीक्षक मोहम्मद मुरसलिन, प्रेमपाल, भवान सिंह सहित चालक बृजमोहन चंदेल उपस्थित थे।