डोईवाला में बारिश से 150 हेक्टेयर गेहूं प्रभावित

Spread the love

ऋषिकेश। विकासखंड डोईवाला में पिछले दिनों हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में लगभग 150 हेक्टेयर में गेहूं की फसल के दाने काले पड़ने की सूचना है। हालांकि, कृषि विभाग और किसानों के लिए राहत की बात यह रही कि बारिश के साथ तेज हवाएं नहीं चलीं, जिससे फसल बिछने (गिरने) से बच गई। मंगलवार देर शाम से डोईवाला और आसपास क्षेत्र में बरसात शुरू हो गई थी, जो बुधवार दिन तक चली। बेमौसम हुई इस बरसात से क्षेत्र में फसलों को बहुत नुकसान पहुंचा है। पूर्व विकासखंड कृषि अधिकारी डीएस असवाल ने बताया कि डोईवाला ब्लॉक क्षेत्र में लगभग 1500 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की फसल तैयार खड़ी है। बारिश से 150 हेक्टेयर गेहूं प्रभावित हुआ है। यदि बारिश के साथ तेज हवाएं चलतीं, तो गेहूं की फसल जमीन पर गिर जाती और दानों की गुणवत्ता पर भारी असर पड़ता। कहा कि अब तक किसान लगभग 10 से 15प्रतिशत फसल की कटाई और मड़ाई कर चुके हैं। शेष 85प्रतिशत फसल अभी भी खेतों में खड़ी है, जिसे पकने और घर तक पहुंचने में 20 से 25 दिन का समय और लगेगा। उन्होंने कहा कि गेहूं के अलावा आम और लीची को बारिश से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। आम के पेड़ों पर फल आने शुरू हो गए हैं। वहीं इस बेमौसम बारिश से गन्ने के खेतों में खरपतवार (घास) तेजी से बढ़ रही है, जिससे लागत और मेहनत बढ़ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *