नई टिहरी()। नगर पालिका नई टिहरी नगर क्षेत्र के लोगों को जल्द ही चकाचक सड़क और सिटी बस सेवा की सौगात देने जा रही है। आगामी अप्रैल में नगर क्षेत्र की 18 किमी सड़कों पर हॉट मिक्स और डामरीकरण का कार्य किया जाना है जिसके लिए नगर पालिका ने अपने संसाधनों से करीब सात करोड़ रुपये की धनराशि जुटा ली है। विधायक निधि से नगर पालिका को एक बस मिलने जा रही है जिसे पालिका सिटी बस के रूप में नई टिहरी-कोटीकालोनी-चंबा रूट पर संचालित करेगी। नगर पालिका बोर्ड गठन के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर नई टिहरी नगर क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने जा रही है। नगर क्षेत्र की सड़कों की हालत लंबे समय से खराब है। मरम्मत के अभाव में जगह-जगह गड्ढे हैं जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नगर पालिका की ओर से पैचवर्क और मरम्मत कार्य भी कराया गया लेकिन इससे स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। सड़कों की स्थिति जस की तस बनी है।
नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत का कहना है कि बोर्ड के पहले वर्ष में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि सड़कों के हॉट मिक्स कार्य के लिए नगर पालिका ने अपने स्तर से धन की व्यवस्था कर ली है। कार्य के लिए लोनिवि को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। अप्रैल में कार्य शुरू किया जाएगा और मई में सड़कें पूरी तरह से चाक-चौबंद कर ली जाएगी। नगर क्षेत्र की वर्षों पुरानी ड्रेनेज समस्या के समाधान की दिशा में भी ठोस पहल की है। जल निकासी की व्यवस्था को सुधारने के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है जिसे शीघ्र ही शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। योजना के तहत नगर क्षेत्र के करीब 40 अलग-अलग स्थानों पर क्रॉस ड्रेनेज निर्माण का प्रस्ताव है जिससे बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके। वर्तमान में नगर क्षेत्र के कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त होने से चोक हो चुकी है। बारिश के दौरान नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर दुकानों और घरों में घुस जाता है।
सिटी बस सेवा जल्द होगी शुरू: पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि विधायक किशोर उपाध्याय ने विधायक निधि से पालिका को एक बस के लिए धनराशि दी है। नगर क्षेत्र के लोगों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बस का संचालन सिटी बस सेवा के रूप में किया जाएगा। बस नई टिहरी, बौराड़ी, भागीरथीपुरम, कोटीकालोनी, चंबा और बादशाहीथौल के लिए संचालित की जाएगी।