श्रीनगर गढ़वाल()। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में रविवार को 27वां बाल प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ पत्रकारिता एवं समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों को भी आदर्श उत्कृष्ट शिक्षक शिरोमणि सम्मान एवं आदर्श उत्कृष्ट पत्रकारिता शिरोमणि सम्मान से नवाजा गया। राज्यपाल पुरस्कार एवं विभिन्न राष्ट्रीय सम्मानोपाधियों से सम्मानित, गढ़वाल मंडलीय नशा उन्मूलन नोडल अधिकारी तथा राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी में कार्यरत डॉ. अखिलेश चन्द्र चमोला द्वारा आयोजित 27वां बाल प्रतिभा सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष की भांति ग्रामीण अंचलों में अध्ययनरत मेधावी छात्रों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे ओएनजीसी के पूर्व महाप्रबंधक डीएस भंडारी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए ऐसे आयोजन शिक्षा जगत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कहा कि विद्यार्थियों को सबसे पहले स्वयं की देखभाल करना सीखना चाहिए। उत्तराखण्ड लोकायुक्त के पूर्व अपर सचिव जीवन चंद्र उप्रेती ने कहा कि बाल प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ-साथ नशा उन्मूलन के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। मौके पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. अखिलेश चन्द्र चमोला, प्रधानाचार्य महेंद्र नेगी, हरेंद्र कुमार, श्वेता बिष्ट, उम्मेद सिंह मेहरा, बीना मेहरा, मीना डोभाल, अशोक कुमार बड़ोनी, शीतल, डॉ. चन्द्र प्रकाश निराला, रश्मि रतूड़ी, जय प्रकाश डिमरी सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।