हल्द्वानी। हल्द्वानी नगर निगम में मेयर की सीट सामान्य होने के बाद कांग्रेस में 24 नेताओं ने दावेदारी की। इसमें कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल एवं महानगर अध्यक्ष हल्द्वानी गोविंद सिंह बिष्ट भी शामिल हैं। सभी ने जिला प्रभारी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के समक्ष दावेदारी की। मंगलवार को जिला प्रभारी कुंजवाल ने प्रत्याशियों के चयन को लेकर स्वराज आश्रम में बैठक बुलाई। यहां उन्होंने मेयर एवं पार्षद प्रत्याशियों के चयन को लेकर दावेदारों के साथ बंद कमरे में मंथन किया। दावेदारों से उन्हें टिकट क्यों दिया जाए, संगठन में कब से सक्रिय हैं, जीत का क्या आधार है, टिकट नहीं मिलने पर किस नेता को दिया जाए सहित 19 बिंदुओं पर चर्चा की गई। दो से तीन मिनट तक दावेदारों से बातचीत के दौरान उन्होंने चुनाव के दौरान होने वाले खर्च को लेकर भी चर्चा की। कुंजवाल ने बताया कि देर शाम तक चली प्रक्रिया के दौरान हल्द्वानी नगर निगम में मेयर बनने के लिए 24 नेताओं ने दावेदारी की। जबकि वार्ड में पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए 25 ने दावेदारी की है। उन्होंने बताया कि सभी नेताओं से जो भी फीडबैक मिला, उसकी जानकारी प्रदेश संगठन को दी जाएगी। इससे पहले दावेदार अपने समर्थकों संग स्वराज आश्रम में पहुंचे। उन्होंने अपनी ताकत भी दिखाई।
ये हैं मेयर पद के दावेदार
ललित जोशी, अखिल भंडारी, भोला दत्त भट्ट, भागीरथी बिष्ट, सुहेल सिद्दीकी, एनवी गुणवंत, हेमंत बगडवाल, हरीश मेहता, डीके पंत, महेश कांडपाल, डॉ. अजय पाल, मोहन सिंह बिष्ट, रक्षित शर्मा, लवेन्द्र चिलवाल, जया कर्नाटक, योगेश जोशी, सौरभ भट्ट, नगर महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, शोभा बिष्ट, शशि वर्मा, राजेन्द्र सिंह बिष्ट (रज्जी), मीमांशा आर्या, राहुल छिमवाल।