242 रिक्रूट गढ़वाल राइफल्स में हुए शामिल

Spread the love

-34 सप्ताह के कठिन परिश्रम के बाद बने सेना का अंग
– समीक्षा अधिकारी ब्रिगेडियर हरमीत सेठी ने दिलाई शपथ
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र के नायक भवानी दत्त जोशी, अशोक चंद्र परेड ग्राउंड लैंसडौन में 34 सप्ताह के कठिन परिश्रम के बाद 242 रिक्रूट गढ़वाल राइफल्स में शामिल हो गए। शनिवार को ये सभी जवान शपथ लेकर सेना में शामिल हुए और देश सेवा का संकल्प लिया।
समीक्षा अधिकारी ब्रिगेडियर हरमीत सेठी कमांडेंट गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र ने सभी जवानों को शपथ दिलाई। समीक्षा अधिकारी ने पासिंग आउट परेड की सलामी लेने के बाद परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने सेना के इन नए जवानों से देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेना में रहकर एक जवान सच्चे मायने में देश की सेवा कर सकता है। उन्होंने वीर सैनिकों की गाथा सुनाई और नए जवानों में देशभक्ति का जोश भरा।
बॉक्स
मनवीर नेगी को मिला स्वर्ण पदक
प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मनवीर नेगी को स्वर्ण पदक, राइफलमैन नवीन सिंह को रजत पदक और आशुतोष को कांस्य पदक दिया गया। वहीं, राइफलमैन रितिक गौड़ को सर्वश्रेष्ठ ड्रिल, बेस्ट फायरिंग के लिए राइफलमैन दीपक सिंह को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा हवलदार धर्मेंद्र सिंह को उत्तम प्रशिक्षक व सूबेदार गिरीश सिंह को उत्तम प्लाटून कमांडर और कोर्स की सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर चैंपियनशिप बैनर सूबेदार गिरीश सिंह ‘ब’ कंपनी को प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *