एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस के संयुक्त अभियान में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर। एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने तीन दिन तक संयुक्त अभियान चला कर 25 हजार रुपए के ईनामी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर प्रतिबंधित मांस की तस्करी तथा पुलभट्टा पुलिस पर वाहन चढ़ाकर कुचलने का प्रयास का आरोप है। जिसके बाद गत 13 अप्रैल को पुलभट्टा थाने में आरोपी के खिलाफ आइपीसी की धारा 307 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
गत 12 अप्रैल की सांय पुलभट्टा पुलिस शंकर फार्म के कट पर वाहन चेंकिग कर रही थी। इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों को पुलिस कर्मियों ने रुकने का इशारा किया। जिसमें एक कार चालक ने कांस्टेबल महेन्द्र बिष्ट पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। भागने के प्रयास में उसने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी थी। जिसमें बाइक सवार घायल हो गया था। पुलिस ने कार चालक अलीम पुत्र मो़ इस्लाम निवासी वार्ड 6 शेरगढ़ बरेली को गिरफ्तार कर लिया। जबकि युनूस कुरैशी पुत्र बुन्दन कुरैशी निवासी शेरगढ़ जिला बरेली अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया था। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में ले लिया। पुलिस को दोनों कारों से पांच कुंतल प्रतिबंधित मांस तथा एक 315 बोर का तमंचा व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। घटना के बाद से पुलिस यूनुस की तलाश कर रही थी। बीती 30 जून को एसएसपी ने आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा था। बुधवार को एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए आरोपी युनूस को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
तीन दिनों से बनाए हुए थे आरोपी पर नजररू एसएसपी
किच्छा। एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया गया कि उनकी टीम पिछले तीन दिनों से युनूस पर नजर रख रही थी। मंगलवार शाम टीम को गोपनीय सूचना मिली कि युनुस शेरगढ़ स्थित अपने घर आने वाला है। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इस साल एसटीएफ 38 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले एसटीएफ ने बीते सोमवार को बिहार-झारखंड नक्सली सीमावर्ती क्षेत्र से एक लाख रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया था।
यूपी में सख्ती होने पर उत्तराखंड का किया रुख
किच्छा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी युनूस कुरैशी ने बताया कि वह शेरगढ़ स्थित अपनी दुकान पर 250 रुपए किलो के हिसाब से प्रतिबंधित मांस बेचते हैं। यूपी में सख्ती होने के कारण वह उत्तराखंड से प्रतिबंधित मांस लेकर जाते हैं। अपने साथियों के साथ वह गत 12 अप्रैल को सिरौली से प्रतिबंधित मांस लेकर जा रहा थे। इस दौरान उन्होंने रास्ता रोकने वाले किसी भी व्यक्ति को उड़ाने का निर्णय लिया था। रास्ते में पुलिस मिलने पर उन्होंने अपनी कार्ययोजना को अंजाम दिया। पुलभट्टा थाना इंचार्ज कमलेश भट्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना शेरगढ़ में तीन, थाना शाही बरेली में एक और थाना भोजीपुरा में एक केस दर्ज है। आरोपी अपने थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
एसटीएफ और पुलिस टीम
किच्छा। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एसटीएफ के एसआई केजी मठवाल, हेड कांस्टेबल जगपाल सिह, संजय कुमार, कांस्टेबल राजेन्द्र सिह मेहरा, गुरुवन्त सिंह तथा पुलभट्टा पुलिस के एसआई दरबान सिह व ललित कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *