चूना भट्टा के खंडहर में 26 वर्षीय महिला की हत्या

Spread the love

देहरादून(। चूना भट्टा क्षेत्र में रिस्पना नदी के किनारे एक खंडहर में 26 वर्षीय महिला का शव मिलने से सोमवार दोपहर सनसनी फैल गई। मृतका की आंख पर गहरा घाव है। हाथ और पैरों के नाखूनों पर मौजूद खरोंचों से स्पष्ट है कि हत्या से पहले संघर्ष हुआ। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सुबूत जुटाए। कारणों पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी देहात जया बलोनी और सीओ रायपुर रीना राठौर समेतपुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। जिसने घटनास्थल से कई अहम सुबूत जुटाए। पुलिस पड़ताल में मृतका की शिनाख्त चंदर रोड डालनवाला स्थित सूरज बस्ती निवासी 26 वर्षीय शिवानी अरोड़ा पत्नी सावन कुमार अरोड़ा के रूप में हुई। मौके पर पहुंची शिवानी की मां ने बेटी की शिनाख्त की। शव देखते हुए वह बिलख उठी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शिवानी नशे की आदी थी। वह तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती रह चुकी थी। कुछ दिन पहले ही परिजन उसे हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र से घर वापस लाए थे। इसके बाद भी उसकी नशे की लत नहीं छूटी थी। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले शिवानी की मां ने तंग आकर उसे दोबारा नशा मुक्ति केंद्र भेजने की बात कही थी। इसके बाद शनिवार से वह घर से लापता हो गई थी। परिजनों को भी अंदेशा नहीं था कि दो दिन बाद उसकी ऐसी खौफनाक हालत में लाश मिलेगी। पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *