रुद्रप्रयाग : ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग भगवान केदारनाथ धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए एक ओर सरकार, प्रशासन और पुलिस धाम में अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई कर रही है तो वहीं ऐसे लोग भी हैं जो निरंतर इस दिव्य स्थल की पवित्रता को लेकर सरकार के साथ ही एनजीटी तक लड़ाई लड़ रहे हैं। इस सीजन में धाम में शराब पीने वाले 60 लोगों पर 27 हजार का जुर्माना लगा है। यह खुलासा एक आरटीआई से हुआ है। नोएडा निवासी अमित गुप्ता एक पर्यावरण प्रेमी है जो उत्तराखंड में पर्यावरण के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाते रहते हैं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के कई मामलों को लेकर एनजीटी में लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस से केदारनाथ में शराब, सिगरेट और तम्बाकू पीने वालों पर उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा उन्हें दी गई सूचना में यह जानकारी मिली है। वर्ष 2025 की पूरी यात्रा में केदारनाथ धाम में पुलिस ने शराब पीने वालों 60 व्यक्तियों पर 27000 रुपये का बड़ा जुर्माना लगाया है। जबकि मंदिर के 50 मीटर के दायरे में रील बनाने वाले 600 लोगों पर कार्रवाई की गई। इन 600 लोगों से 268750 का जुर्माना वसूला गया। जबकि इसी यात्रा सीजन में केदारनाथ धाम में सिगरेट में तंबाकू का प्रयोग करने वाले 12 व्यक्तियों पर 1050 रुपए का बड़ा जुर्माना लिया गया। पर्यावरण प्रेमी अमित गुप्ता ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए सरकार, प्रशासन और पुलिस को ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करनी होगी। कहा कि छोटी धनराशि के जुर्माने से ऐसे लोगों पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, इसके लिए इससे भी अधिक जुर्माना और कठोर कार्रवाई का प्राविधान करना होगा, ताकि देवभूमि में पवित्र तीर्थस्थलों की मर्यादा और महत्व बना रहे। अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि केदारनाथ धाम में हर अनैतिक गतिविधि पर पुलिस की सख्त नजर रहती है। इस साल कई लोगों के खिलाफ शराब और सिगरेट पीने के साथ ही 50 मीटर दायरे में रील बनाने को लेकर सख्त कार्रवाई की गई। आगामी यात्रा सीजन में भी पुलिस धाम की मर्यादा और यहां के धार्मिक महत्व के खिलाफ कार्य करने वाले लोगों पर इससे भी कड़ी कार्रवाई करेगी। (एजेंसी)