शेयर ट्रेडिंग के नाम पर व्यापारी से 28.85 लाख ठगे

Spread the love

रुद्रपुर। काशीपुर के एक व्यापारी से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगों ने 28 लाख 85 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पंतनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ओझान मोहल्ला काशीपुर निवासी एकांत जैन पुत्र रजत कुमार जैन ने तहरीर में बताया कि 11 दिसंबर 2025 को फेसबुक देखते समय उन्हें शेयर बाजार से जुड़ा एक विज्ञापन वीडियो दिखाई दिया। वीडियो में दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में कई मोबाइल नंबर एडमिन के रूप में जुड़े थे, जो रोजाना शेयर बाजार, आईपीओ और निवेश से संबंधित जानकारियां साझा करते थे। ग्रुप के अन्य सदस्य भी निवेश पर लाभ मिलने की बातें कर रहे थे, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने निवेश करने का निर्णय लिया। कुछ दिनों बाद ग्रुप के एडमिन ने एक ट्रेडिंग एप डाउनलोड करने को कहा। भरोसा होने पर उन्होंने 10 दिसंबर 2025 को अपने बैंक खाते से 50 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग तिथियों में विभिन्न यूपीआई आईडी और बैंक खातों में धनराशि भेजता गया। 10 दिसंबर 2025 से 13 जनवरी 2026 के बीच उन्होंने कुल 28 लाख 85 हजार रुपये जमा कर दिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो साइबर ठगों ने लेनदेन रोक दिया और टालमटोल करते हुए उससे और रुपये की मांग करने लगे। तब व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम थाना पंतनगर के प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *