राज्य में सहकारी बैंक की 29 नई शाखाएं शुरू

Spread the love

-काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पौड़ी से वर्चुअली किया शाखाओं का लोकार्पण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : प्रदेश के काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को एनआईसी कक्ष पौड़ी से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राज्य में सहकारी बैंक की 29 नई शाखाओं व हल्द्वानी डाटा सेंटर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले कई किमी दूर से बैंक तक पहुंचना पड़ता था, लेकिन अब राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैंक स्थापित कर दिए हैं। जिससे लोगों को घर के पास ही बैंकिंग सुविधाएं उपलबध हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि बैंकों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर एटीएम भी स्थापित किए जा रहे हैं। जिससे आमजन को बैंकों के कम से कम चक्कर काटने पड़ें और वह किसी भी एटीएम से पैसे निकाल और जमा कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार अपनाने वाले किसानों को बैंक के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण दिया जा रहा है। उन्होंने अल्मोड़ा जिले में 2 शाखा, बागेश्वर 2, नैनीताल 4, ऊधमसिंह नगर 5, पौडी 1, चमोली 2, टिहरी 4, पिथौरागढ़ 4 और देहरादून के 04 बैंक शाखाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 2 माह में बैंकों की 80 नई शाखाओं का शुभारंभ किया गया है। एक माह के भीतर प्रदेश भर में 100 नए एटीएम स्थापित किए जायेंगे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, अध्यक्ष राज्य मत्स्य सहकारी संघ अशोक वर्मा, राज्य सहकारी बैंक के प्रबंधक ईरा उप्रेती, प्रबंध निदेशक यूपीएफ मंगला त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *