देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद विवि के कर्मचारियों को पिछले चाह माह से वेतन नहीं मिला है। जिसके विरोध में 29 जनवरी को प्रदेश भर के विवि कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ की आनलाइन बैठक में ये निर्णय लिया गया। महासंघ के अध्यक्ष भूपाल सिंह करायत और महामंत्री प्रशांत मेहता ने बताया कि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में कुछ नियमविरुद्ध प्रकरणों के लंबित होने के कारण शासन ने विवि का वेतन बजट रोक दिया है। जिस कारण कर्मचारियों को अक्टूबर 2024 से वेतन नहीं मिला। ऐसे में विवि के सौ से ज्यादा कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। यहां तक कि वे त्यौहार भी नहीं मना पा रहे हैं। इसके अलावा बच्चों की फीस से लेकर बैंक के लोन तक चुकाने में दिक्कत हो रही है।बैठक में प्रदेश संगठन के पूर्व महामंत्री डॉ लक्ष्मण सिंह रौतेला, उपाध्यक्ष विपिन कुमार,अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष भारत नैनवाल, तकनीकी विश्वविद्यालय से संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक कुमार, महासंघ के कोषाध्यक्ष देवेंद्र पोखरिया, संस्कृत विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के सचिव चंदन रावत, दून विश्वविद्यालय से शुभम नौटियाल, आयुर्वेद विश्वविद्यालय से कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष खीमानंद भट्ट, सचिव अजय कुमार सहित कई लेाग मौजूद रहे।