3 घंटे 28 मिनट और 24 सेकेंड रहा चंद्र ग्रहण

Spread the love

-15 दिन बाद दिसंबर के महीने में रहेगा इस साल का दूसरा सूर्य ग्रहण
नई दिल्ली, एजेंसी। 580 सालों बाद शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण देखा गया। चंद्र ग्रहण के बाद अब अगले महीने सूर्य ग्रहण पड़ने वाला है। इस साल कुल दो सूर्य ग्रहण का योग बना है। जिसमें साल का पहला सूर्य ग्रहण लग चुका है। साल का पहला सूर्य ग्रहण 10 जून 2021 को लगा था। आज से 15 दिन बाद दिसंबर के महीने में इस साल का दूसरा सूर्य ग्रहण रहेगा।
शुक्रवार को पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों में आंशिक चंद्र ग्रहण देखा गया जो शाम 4.17 बजे समाप्त हुआ। समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए ओडिशा के भुवनेश्वर में पठानी सामंत तारामंडल के उप निदेशक शुभेंदु पटनायक ने बताया कि यह सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण है जो आज दोपहर 12.47 बजे शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्लभ घटना पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों से (नंगी आंखों से नहीं) दिखाई दी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पड़े चंद्र ग्रहण की कुल अवधि 3 घंटे 28 मिनट और 24 सेकेंड रही, जो कि पिछले 580 सालों में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण रहा है। वहीं, अब चंद्र ग्रहण के 15 दिनों के बाद यानी 04 दिसंबर 2021 को सूर्य ग्रहण भी लगेगा। चंद्र ग्रहण हमेशा पूर्णिमा की तिथि पर लगता है। चंद्र ग्रहण के पहले या बाद सूर्य ग्रहण जरूर पड़ता है। साल का आखिरी सूर्य ग्रहण अंटार्कटिका, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिका में दिखाई पड़ेगा। इस ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *