3 साल के भारतीय बच्चे ने रचा इतिहास, शतरंज के खेल में पाई आधिकारिक रेटिंग

Spread the love

नईदिल्ली,। भारत के सर्वज्ञ सिंह कुशवाहा ने 3 साल, 7 महीने और 20 दिन की उम्र में शतरंज के खेल में इतिहास रच दिया है। वह सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (एफआईडीई) की आधिकारिक रेटिंग हासिल करने वाले खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने अनिश सरकार का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 3 साल, 8 महीने और 19 दिन की उम्र में यह उपलब्धि पाई थी। सर्वज्ञ मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उनकी रैपिड रेटिंग 1,572 की है।
एफआईडीई की रेटिंग पाने के लिए किसी भी खिलाड़ी को कम से कम एक एफआईडीई रेटेड खिलाड़ी को हराना जरूरी होता है। रेटिंग एक ऐसा अंक होता है जो खिलाड़ी के प्रदर्शन के आधार पर उसकी क्षमता को मापता है और यह रैंकिंग से अलग होता है। उदाहरण के तौर पर विश्व नंबर 1 मैग्नस कार्लसन रैपिड शतरंज में 2,824 की रेटिंग के साथ शीर्ष स्थान पर हैं। सर्वज्ञ अभी नर्सरी में पढ़ते हैं।
सर्वज्ञ के पिता सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि उनका बेटा दुनिया का सबसे कम उम्र में रेटिंग हासिल करने वाला खिलाड़ी बना है, जो उनके परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि उनका बेटा आगे चलकर ग्रैंडमास्टर बने। सर्वज्ञ ने अपने राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित मुकाबलों में तीन रेटेड खिलाड़ियों को हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
सर्वज्ञ ने मात्र 6 महीनों की संरचित अभ्यास के बाद पहले अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी हराकर सबको चौंका दिया। वह प्रतिदिन लगभग 4 घंटे अभ्यास करते हैं, जिसमें उनके निजी कोच नितिन चौरसिया और नेशनल इंस्ट्रक्टर आकाश प्यासी उनका मार्गदर्शन करते हैं। इतनी कम उम्र में इतनी अनुशासित मेहनत और विशेषज्ञ प्रशिक्षण के चलते सर्वज्ञ ने शतरंज में असाधारण प्रगति की है और भविष्य में बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद जगाई है।
भारत शतरंज महाशक्तियों का गढ़ माना जाता है। यहां से कई दिग्गज ग्रैंडमास्टर उभरे हैं, जिनमें मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश और 5 बार के विश्व कप विजेता विश्वनाथन आनंद जैसे सितारे शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *