30 दिन कोविड अस्पताल में रही, स्वस्थ होने पर मेडिकल स्टाफ ने दी विदाई

Spread the love

-हरियाणा में नहीं मिला था आक्सीजन बेड
-तब कोविड अस्पताल श्रीकोट में किया गया था भर्ती
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर।
हरियाणा में ऑक्सीजन बेड न मिलने पर कोविड अस्पताल में आई कोरोना संक्रमित महिला स्वस्थ होने के बाद घर लौट गई। महिला का 30 दिन तक अस्पताल में उपचार चला। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत सहित स्टाफ ने उसको स्वस्थ जीवन की शुभकामना देते हुए महिला को विदा किया।
श्रीनगर निवासी विकास जोशी हरियाणा के पानीपत में परिवार सहित रहते हैं। लगभग एक माह पूर्व उनकी पत्नी मीनाक्षी कोरोना संक्रमित हो गई। इलाज के लिए वह पानीपत अस्पताल में भर्ती हुई। उसके आक्सीजन लेवल में सुधार नहीं हो रहा था। लेकिन वहां आक्सीजन बेड नहीं मिल पाया। जिस पर उसके पति ने मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के कोविड कंट्रोल रुम में संपर्क किया। कंट्रोल रुम की ओर से बताया गया कि अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट बेड है। जिस पर विकास अपनी पत्नी को एंबुलेंस में पानीपत से सैकड़ों किलोमीटर दूर श्रीनगर ले आए। कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि ऑक्सीजन सपोर्ट मिलने और डॉक्टर व अन्य स्टाफ के प्रयास से महिला स्वस्थ हो गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान उक्त महिला 18 दिन आईसीयू, 6 दिन कोविड वार्ड और 6 दिन रिहेब वार्ड मेंं रही। महिला के देवर भाजयुमो के प्रदेश सचिव डा. सुधीर जोशी ने
बताया कि अस्पताल की बेहतर सेवाओं से उनकी भाभी स्वस्थ होकर घर लौट रही है। प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने कॉलेज की टीम को बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *