जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस ), कोटद्वार के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के 30 छात्रों का चयन “युवा आपदा मित्र योजना” के अंतर्गत 7 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। यह प्रशिक्षण शिविर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) द्वारा देहरादून में 16 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है।
इस योजना का उद्देश्य युवाओं को आपदाओं के समय प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले (फस्र्ट रिस्पोडर्स) के रूप में तैयार करना है, ताकि वे बाढ़, भूकंप, भूस्खलन एवं अन्य आपात स्थितियों में प्रभावी सहायता प्रदान कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान चयनित छात्रों को एसडीआरएफ के विशेषज्ञों द्वारा खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन संचार एवं संकट प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। इस उपलब्धि पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रवीण त्रिपाठी एवं सहायक प्रवक्ता राहुल जोशी ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण छात्रों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज सेवा की भावना को भी सशक्त बनाएगा। संस्थान परिवार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं और आशा व्यक्त की है कि वे इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाकर संस्थान का नाम रोशन करेंगे।