बहुउद्देशीय शिविर में 380 लाभार्थियों ने लिया योजनाओं का लाभ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड गैरसैंण की तहसील आदिबद्री के न्याय पंचायत देवलकोट (कंसुआ) में गुरुवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया। शिविर के दौरान 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से कुल 380 लोगों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया। स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, आयुर्वेद, होम्योपैथिक, रीप एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। अपर सचिव उत्तराखंड शासन विनोद गिरी गोस्वामी ने बताया कि ऐसे शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। ग्रामीणों ने शिविरों में अपनी समस्याओं के समाधान पर संतोष जताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की। इस मौके पर राज्यमंत्री आरपी सती, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *