नवी मुंबई , मुंबई से सटे नवी मुंबई के वाशी इलाके में तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। वाशी स्थित रहेजा कॉम्प्लेक्स की एक बिल्डिंग में बीती रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई, जिसमें 6 साल की एक बच्ची समेत चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे में 11 अन्य लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 2 बजे लगी, जब सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि इसने तीन फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
एनएमएमसी के मुख्य अग्निशमन अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान चार लोग मृत पाए गए। मृतकों की पहचान वैदिक बालकृष्ण (उम्र 6 वर्ष), कमल हीरालाल जैन (उम्र 84 वर्ष), सुंदर बालकृष्णन (उम्र 46 वर्ष), और पूजा राजन (उम्र 39 वर्ष) के रूप में की गई है।
अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 10 से 15 अन्य लोगों को बिल्डिंग से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में से कुछ की पहचान मानबेंद्र भीमचरण घोष (69 वर्ष), मलिका मानबेंद्र घोष (58 वर्ष), रितिका मानबेंद्र घोष (39 वर्ष), भावना महावीर जैन (49 वर्ष), महावीर हिरालाल जैन (51 वर्ष), क्रिश महावीर जैन (21 वर्ष), निर्मल हिरालाल जैन (53 वर्ष), मेहुल हिरालाल जैन (32 वर्ष) और सुमंती जॉन टोपणो (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।