जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : बद्री फाउंडेशन द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र सहित भिटुली, चैल्यूसैंण में तीन दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तीनों स्थानों पर आयोजित शिविरों में कुल मिलाकर 400 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
यह स्वास्थ्य शिविर भारत एग्री डेवलपमेंट एंड रूरल इन्वेंट फाउंडेशन बद्री फाउंडेशन द्वारा कॉटन कनेक्ट फार्मर्स कम्युनिटी फाउंडेशन के सामाजिक पहल के तहत आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों को नि:शुल्क परामर्श, स्वास्थ्य जांच और नेत्र परीक्षण की सुविधा प्रदान की गई। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों और कुशल तकनीशियनों ने अपनी सेवाएं दीं। नेत्र परीक्षण के दौरान जिन लोगों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें नि:शुल्क चश्मे भी वितरित किए जाएंगे। नगर पंचायत सतपुली के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने शिविर में योगदान देने वाले सभी वॉलंटियर्स को प्रोत्साहित किया और भविष्य में हर प्रकार का सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर मुकेश बहुगुणा, अमन नैथानी, संयम काला, नितिन काला, अनूप काला, आशीष नेगी आदि शामिल रहे।