जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर के एवीएन सीनियर सेकंडरी स्कूल हल्दूखाता में नेगी ताइक्वांडो इंडिया (चंडीगढ़) के तकनीकी सहयोग से ताइक्वांडो बेल्ट प्रमोशन टेस्ट आयोजित किया। इस अवसर पर 46 छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर येलो बेल्ट प्राप्त की। इस परीक्षा में छात्रों को वल्र्ड ताइक्वांडो मानकों के अनुरूप पूमसे, बेसिक तकनीक, आत्मरक्षा और फाइटिंग जैसे वर्गों में परखा गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के डायरेक्टर रजनीश शर्मा और संचालिका अनुराधा नैथानी शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन स्कूल के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा नियमित रूप से चलाए जा रहे समग्र विकास कार्यक्रमों का हिस्सा है। कहा छात्रों में शिक्षा के साथ ही खेलों का महत्वपूर्ण योगदान है जो छात्रों को जीवन मूल्यों में उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करता है। परीक्षण का संचालन स्कूल के ताइक्वांडो कोच मुकेश कुमार (ब्लैक बेल्ट, दक्षिण कोरिया) के मार्गदर्शन में किया गया। जिसमें तकनीकी सहयोग नेगी ताइक्वांडो इंडिया (चंडीगढ़ भारत) की विशेषज्ञ टीम ने दिया। 46 छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता पूर्वक येलो बेल्ट प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में सफल छात्रों को प्रमाणपत्र वितरित किये गए।