किल्बौखाल न्याय पंचायत में लगा बहुउद्देशीय शिविर
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जन जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत किल्बौखाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 55 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 49 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। वहीं 138 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। शिविर में कुल 538 लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने की। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का समाधान मौके पर ही कराया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल से आम जनमानस को एक ही स्थान पर विभागीय सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में प्रतिभाग कर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और योजनाओं का लाभ लें। उपजिलाधिकारी ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी देवेश पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।