देहरादून : प्लाट बेचने की डील कर एक महिला से साढ़े छह लाख रुपये की ठगी कर ली गई। दो आरोपियों ने एक फर्जी इकरारनामा तैयार कर महिला को चूना लगाया। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि पुष्पांजलि, बार्लोगंज, मसूरी निवासी रेशमा ने तहरीर दी। बताया कि वह देहरादून में जमीन खरीदना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात विजय पार्क निवासी केनी जैन और माजरा निवासी प्रिंस बोकाडिया से हुई। दोनों ने खुद को धर्मपुर स्थित एक प्लॉट का रजिस्टर्ड विक्रेता बताया। आरोपियों ने फरवरी 2024 में एक फर्जी अनुबंध पत्र तैयार कर पीड़िता से चेक से कुल 6,50,000 रुपये ले लिए। रकम देने पर महिला को पता चला कि यह जमीन पहले ही किसी और को बेची जा चुकी है। दोनों आरोपियों का उस प्लाट पर कोई स्वामित्व नहीं है। पीड़िता के अनुसार उसने यह रकम कर्ज लेकर दी थी। जिसका वह आज भी ब्याज चुका रही हैं। जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि वे अब अपनी राजनीतिक और रसूखदार लोगों से जान-पहचान का हवाला देते हुए महिला को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एअसो संजीत कुमार ने बताया कि आरोपी केनी जैन और प्रिंस के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। (एजेंसी)