उकरौली में कैलाश नदी से भू-कटाव के चलते 6 परिवारों ने घर छोड़ा

Spread the love

रुद्रपुर। बैगुल व कैलाश नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ कई स्थानों पर भू-कटाव भी शुरू हो गया है। उकरौली में कैलाश नदी से भू-कटाव के चलते छह परिवारों ने अपनी रिश्तेदारी में शरण ली है। उकरौली में 50 और अरविंद नगर में 65 परिवारों को बाढ़ से बचाने को घर खाली करने के लिए प्रशासन ने नोटिस दिए हैं। इधर, बैगुल नदी का जलस्तर 22 हजार क्यूसेक पहुंचने से प्रशासन सतर्क हो गया है। नदी का पानी आवेरफ्लो होकर अरविंद नगर गांव में गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश से बैगुल नदी का जलस्तर करीब 22 हजार क्यूसेक पहुंच गया है। 30 हजार क्यूसेक में वार्निंग लेवल आ जाता है। वहीं कैलाश का जलस्तर भी 25 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है। अरविंद नगर में पानी घुसने की सूचना पर तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी, पुलिस टीम ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने व सुरक्षित स्थानों में पहुंचने की अपील की। हालांकि, अभी ग्रामीणों ने घर नहीं छोड़े हैं। शुक्रवार शाम नदियों का जलस्तर कम होने पर प्रशासन व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इधर, तहसीलदार त्रिपाठी ने नगरपालिका प्रशासन की टीम के साथ नगर में जेसीबी मशीन से नालों की सफाई कराई। बिजटी तिराहे, अमरिया चौक से पीलीभीत मार्ग, अस्पताल गेट, महाराणा प्रताप चौक, ग्राम सिसौना में चोक नालियों को खोलकर पानी निकासी कराई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *