62 वर्षीय दंपति 16 हजार किमी लंबी ‘रोड टू लंदन’ यात्रा पर रवाना हुए

Spread the love

देहरादून()। पुरुकुल स्थित अंतारा सीनियर लिविंग कम्युनिटी से वरिष्ठ दंपति राजेंद्र कुमार सिंगल (62) और संगीता सिंगल (61) शुक्रवार को 16 हजार किलोमीटर लंबी ओवरलैंड ड्राइव पर लंदन के लिए रवाना हुए। अंतारा में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें हरी झंडी दिखाकर विदा किया गया, जहां समुदाय के निवासियों ने उत्साहपूर्वक उनका हौसला बढ़ाया। यह यात्रा एडवेंचर्स ओवरलैंड द्वारा आयोजित ‘रोड टू लंदन’ अभियान का हिस्सा है, जिसका भारत में आधिकारिक प्रारंभ गोरखपुर से होगा। आठ कारों का काफिला 13 अप्रैल को गोरखपुर से रवाना होगा। सिंगल दंपति 65 दिनों में 20 देशों और 40 शहरों से गुजरेंगे, जिनमें चीन, कजाकिस्तान, उजबेकिस्तान, तुर्की और यूरोप के कई देश शामिल हैं। चार्टर्ड अकाउंटेंट रहे राजेंद्र सिंगल ने कहा कि 60 के बाद जीवन रुकता नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अवसर देता है। वहीं संगीता सिंगल ने इस सफर में अंतारा समुदाय के सहयोग को अहम बताया। यात्रा से पहले दोनों ने स्वास्थ्य जांच, योग अभ्यास और विशेष आहार योजना के जरिए खुद को तैयार किया। अंतारा की मेडिकल टीम ने उन्हें आवश्यक दवाइयों और अंतरराष्ट्रीय यात्रा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। उन्हें हर दिन 8-10 घंटे की ड्राइव के लिए मानसिक रूप से तैयार किया गया।
अंतारा सीनियर केयर के सीईओ राजित मेहता ने कहा कि यह पहल सक्रिय और सशक्त वृद्धावस्था का प्रतीक है। सिंगल दंपति की यह यात्रा यह संदेश देती है कि 60 के बाद का जीवन भी रोमांच और नई संभावनाओं से भरपूर हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *