त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के तहत रुद्रप्रयाग जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सम्पन्न
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी ने जनपद वासियों, निर्वाचन कर्मियों एवं सुरक्षा बलों का सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन संचालन के लिए आभार व्यक्त किया। जनपद रुद्रप्रयाग में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के अंतर्गत 24 जुलाई 2025 को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हुई। मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने की प्रक्रिया सकुशल सम्पन्न, सीसीटीवी व सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में स्ट्रांग रूम है।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के तीनों विकासखंडों अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ एवं जखोली में कुल 2,04,062 मतदाताओं में से 1,28,528 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल 62.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि विकासखंड अगस्त्यमुनि में कुल 95,075 मतदाताओं के सापेक्ष 58,876 (61.93 प्रतिशत) लोगों ने मतदान किया, विकासखंड जखोली के कुल 73,721 मतदाताओं के सापेक्ष 44,116 (59.84 प्रतिशत) लोगों ने मतदान किया तथा विकासखंड ऊखीमठ में सर्वाधिक मतदान हुआ, जहां कुल मतदाता 35,266 के सापेक्ष 25,536 (72.41 प्रतिशत) लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मूलभूत सुविधाएं एवं व्यवस्था समुचित रूप से उपलब्ध कराई गई थीं। मतदान प्रक्रिया के सम्पन्न होने के पश्चात मतपेटियों को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में जमा कराने की प्रक्रिया सतर्कता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि अधिकांशत: 380 मतदान पार्टियां देर रात तक अपने-अपने संबंधित ब्लॉकों में पहुंच गई थीं और उन्होंने मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा करवा दिया था। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के दृष्टिगत शेष मतदान पार्टियों द्वारा शुक्रवार प्रात: 5 बजे से मतपेटियों को जमा कराया गया जो कि दोपहर तक पूर्ण कर दी गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी तीनों विकासखंडों में बनाए गए स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण रूप से सुनिश्चित की गई है। स्ट्रांग रूमों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। पुलिस को निर्देशित किया गया है कि स्ट्रांग रूम के आसपास की हर गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए।