रुद्रपुर(। जिले की तीन सिटी के लिए 636 करोड़ की पेयजल योजनाएं स्वीकृत हुई है। इससे तीन लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। गुरुवार को क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में हुई जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कुल 636.14 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर, काशीपुर और सितारगंज की पेयजल योजनाओं को मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) के अंतर्गत रुद्रपुर परियोजना पर 293.41 करोड़, काशीपुर पर 261.83 करोड़ और सितारगंज परियोजना पर 80.90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सभी योजनाएं वर्ष 2057 की अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। रुद्रपुर में 26 वार्डों में 10 टैंक, 23 नलकूप और 536 किमी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे 1.58 लाख लोग लाभान्वित होंगे। काशीपुर में 32 वार्डों में 10 टैंक, 14 नलकूप और 457 किमी पाइपलाइन से 1.32 लाख लोगों को पेयजल मिलेगा। वहीं सितारगंज में 13 वार्डों में 4 टैंक, 5 नलकूप और 146.38 किमी पाइपलाइन से 42 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा किच्छा नगरीय क्षेत्र में एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से 400 करोड़ की पेयजल योजना निर्माणाधीन है, जिसे मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में सांसद अजय भट्ट ने निर्देश दिए कि पेयजल लाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तत्काल कराई जाए और हर जोन में कार्य पूर्ण होने पर नगर निगम से प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लिया जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध और सुचारू पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मेयर विकास शर्मा, काशीपुर मेयर दीपक बाली सहित विधायक, चेयरमैन, नगर आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।