अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की 63वीं शाखा थल में शुरू

Spread the love

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की पूर्णतः सीबीएस, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से सुसज्जित 63वीं शाखा का शुभारंभ शुक्रवार को थल, निकट शिव मंदिर, जिला पिथौरागढ़ में किया गया। शाखा का उद्घाटन बैंक के अध्यक्ष महेश चंद्र जोशी द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में बोलते हुए महेश चंद्र जोशी ने कहा कि अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लगातार प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक ने न केवल आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के क्षेत्र में अपनी साख मजबूत की है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक सहयोग के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा नई शाखाओं के खुलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर महाप्रबंधक भूपाल सिंह मेहता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक की दो और नई शाखाएं खोली जाएंगी, जिससे उत्तराखंड में बैंक की कुल शाखाओं की संख्या 65 हो जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बैंक के 57,411 अंशधारक और 4,13,784 खाताधारक हैं। बैंक का कुल व्यवसाय लगभग 6,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जिसमें से ऋण व्यवसाय लगभग 2,075 करोड़ रुपये का है। इसमें से 70 प्रतिशत से अधिक ऋण प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों को वितरित किया गया है। महाप्रबंधक ने बताया कि बैंक अपने अंशधारकों को 10 प्रतिशत का लाभांश प्रदान कर रहा है। इसके साथ ही बैंक द्वारा 700 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार दिया गया है, और भविष्य में यह संख्या और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बैंक ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 11.50 करोड़ रुपये अग्रिम कर के रूप में राजकोष में जमा कर राष्ट्र के विकास में अहम योगदान दिया है। शाखा के उद्घाटन के पहले ही दिन 100 से अधिक नए खाते खोले गए और लगभग 40 लाख रुपये के निक्षेप प्राप्त हुए। इस अवसर पर अधिवक्ता प्रीतम सिंह कार्की, भूपाल सिंह सत्याल, हरीश चंद्र भट्ट, मनोहर सिंह सत्याल, गंगा सिंह मेहता, शाखा प्रमुख जतिन सिंह सहित बैंक के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *