जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर : केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल श्रीनगर में गुरुवार को 21वें उपनिरीक्षक (सीधी भर्ती) का दीक्षांत समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पण करने की शपथ ली। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि महानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय रानीखेत चांस केशिंग ने परेड की सलामी ली।
महानिरीक्षक चांस केशिंग ने कहा कि वर्तमान में यह बल भारत-नेपाल और भारत-भूटान के मध्यम अंतरराष्ट्रीय सरहदों की सुरक्षा का दायित्य संभाले हुए है। उन्होंने प्रशिक्षित उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि 48 सप्ताह का गहन प्रशिक्षण आपके कर्तव्य को सक्षम रूप से पूरा करने में आवश्यक कौशल से सक्षम करता है। इस मौके पर प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत कर बधाई दी। मौके पर उप महानिरीक्षक सीटीसी श्रीनगर सृष्टिराज गुप्ता ने कहा कि 64 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण की अवधि में शारीरिक एवं मानसिक तौर पर क्षमता प्रदान करने के साथ-साथ इनकी सोच को सकारात्मक बनाने का प्रयास किया गया है। जिससे बल की निरंतर बढ़ती हुई जिम्मेदारियों में यह सभी सशक्त एवं सफल कमांडर के दायित्व का सपलतापूर्वक निवर्हन कर सकें। कहा इनमें निर्भिकता का भाव संचार करने के उद्देश्य से पर्वतारोहण, तैराकी, घुड़सवारी, ड्राइविंग आदि साहसिक गतिविधियों का अवसर भी प्रदान किया गया। इससे पूर्व येतन नेगी कमाडेंट सीटीसी श्रीनगर द्वारा प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय ध्वज व निशान के समक्ष संविधान को साक्षी मानकर पद और गोपनियता की शपथ दिलाई गई।